जलगांव | जलगांव शहर के बसस्थानक परिसर में बुजुर्गों को निशाना बनाकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को पोलीस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्रवाई को स्थानीय पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे शहर में सुरक्षा को लेकर नागरिकों का भरोसा मजबूत हुआ है।
यह घटना २० अप्रैल २०२६ की दोपहर करीब २:३० बजे की है।
एक ६५ वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति को दो अज्ञात आरोपियों ने बातचीत में उलझाकर विश्वास में लिया और फिर उनके हाथ की सोने की अंगूठी और नकदी लेकर फरार हो गए।
आरोपियों ने खुद को मददगार बताकर “शनिदोष दूर करने” जैसे बहाने से पीड़ित को झांसे में लिया।
पीड़ित की शिकायत पर जिलापेठ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
इसके बाद स्थानीय गुन्हे शाखा की टीम ने पाचोरा तालुका के नगरदेवळा क्षेत्र से दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अल्ताफ हसन मदारी (वय- ३२वर्ष) और मोहसीन जब्बार मदारी (वय- 31वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल कर लिया है।
माहिती के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपी भी शामिल है, जिसकी तलाश जारी है।
आगे की जांच के लिए आरोपियों को जिलापेठ पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावित और उपविभागीय पुलिस अधिकारी नितीन गायकवाड़ के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल गायकवाड़ के नेतृत्व में टीम ने काम किया।
पुलिस की अपील: पुलिस ने नागरिकों, खासकर बुजुर्गों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति पर तुरंत विश्वास न करें।
बसस्थानक, रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

0 Comments