घरफोड़ी चोरी के दो आरोपी 48 घंटे में पकड़े, पूरा सामान बरामद

जलगांव में बंद मकान में चोरी, दो आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार, 61,500 की चांदी बरामद

जलगांव :(शाह एजाज़ गुलाब)

शहर के मुकुंद नगर इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने 61 हजार 500 रुपये की चांदी चुरा ली। अच्छी बात यह रही कि एमआईडीसी पुलिस ने महज 48 घंटे में इस चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरा माल भी बरामद कर लिया गया है।
  यह घटना मुकुंद नगर के रहने वाले 64 वर्षीय अरुण लक्ष्मण शेटे के घर की है, जो पुणे में अपने बेटे के पास गए हुए थे। उनके पड़ोसियों ने घर की खिड़की और दरवाजा टूटा हुआ देखकर उन्हें सूचना दी। जब वे लौटे और घर की जांच की, तो पाया कि देवघर से चांदी का मुकुट, महादेव की पिंडी के आभूषण, चांदी की मूर्तियाँ और अन्य सामग्री गायब थी
  उन्होंने तुरंत एमआईडीसी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस उपनिरीक्षक चंद्रकांत धनके और उनकी टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें दो संदिग्ध युवक कैमरे में कैद हुए। इसके आधार पर शाकीब शेख ताजुद्दीन शेख (24 वर्ष, निवासी कासमवाडी) और राहुल शेख रावळकर (32 वर्ष, निवासी जाखनीनगर) को हिरासत में लिया गया
  पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की बात कबूल कर ली और उनके पास से पूरा चांदी का माल बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस चोरी में और कोई शामिल था या नहीं
 इस कामयाबी से एमआईडीसी पुलिस ने इलाके में हाल ही में हुई चोरी की वारदातों पर प्रभावी रोक लगाई है

Post a Comment

0 Comments